एर्दोगन से हमारे लंबे वक्त की दोस्ती है, मैं उनका बड़ा प्रशंसक हूं- ट्रम्प

एर्दोगन से हमारे लंबे वक्त की दोस्ती है, मैं उनका बड़ा प्रशंसक हूं- ट्रम्प

अपने खिलाफ चल रही महाभियोग की प्रक्रिया से बेपरवाह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को व्हाइट हाउस में तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयब एर्दोगन का स्वागत किया।

जागरण डॉट कॉम के अनुसार, उन्होंने खुद को एर्दोगन का बड़ा प्रशंसक करार देते हुए कहा, ‘हमारे बीच लंबे समय से दोस्ती है।’ ट्रंप व्हाइट हाउस में जिस समय एर्दोगन की अगवानी कर रहे थे, उसी दौरान उनके खिलाफ विपक्षी डेमोक्रेट्स के नेतृत्व में महाभियोग की प्रक्रिया शुरू हुई।

ट्रंप ने उत्तरी सीरिया में तुर्की के हमले के भारी विरोध के बावजूद एर्दोगन का स्वागत किया। उन्होंने कहा, ‘हम लंबे समय से दोस्त हैं और एक-दूसरे के देशों को समझते हैं।’ इससे पहले ट्रंप ने पिछले हफ्ते एर्दोगन को पत्र लिखकर नया कारोबार समझौता करने का प्रस्ताव रखा था।

एर्दोगन के इस दौरे से एक माह पहले ही तुर्की ने उत्तरी सीरिया से कुर्द बलों को खदेड़ने के लिए हमला किया था।

इसके जवाब में ट्रंप ने सख्त रवैया अपनाया था और तुर्की पर कई प्रतिबंध थोप दिए थे। तुर्की ने हालांकि बाद में संघर्ष विराम कर लिया, जिस पर ट्रंप ने प्रतिबंध रद कर दिए थे। तुर्की ने हाल में रूस से मिसाइल रक्षा प्रणाली एस-400 खरीदी थी। इससे भी अमेरिका नाराज था।

ट्रंप ने तुर्की से रक्षा संबंधों के बारे में पत्रकारों के सवाल पर कहा, ‘हम एस-400 और एफ-35 लड़ाकू विमानों के बारे में भी बात करने जा रहे हैं।’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने हालांकि उत्तरी सीरिया पर तुर्की के हमले की निंदा नहीं की।

Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں