
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में 28 जुलाई को कार-ट्रक की टक्कर में 19 साल की पीड़िता तथा उनके वकील गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सोमवार को लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल से हवाई मार्ग से एम्स पहुंचाया गया था।
केजीएमयू के अधिकारियों ने कहा था कि उन्हें निमोनिया हो गया है। घटना में उनके वकील के सिर पर चोटें आई थीं, उन्हें यहां ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया था। एम्स के अधिकारियों ने बताया कि उनके मस्तिष्क में गंभीर चोट आई है और कई हड्डियां भी टूट गई हैं।
एम्स के मीडिया एवं प्रोटोकॉल प्रभाग की अध्यक्ष आरती विज ने बताया कि दोनों की हालात गंभीर है और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। विज ने बताया कि दोनों मरीजों का इलाज अलग-अलग विभागों के डॉक्टरों की एक टीम कर रही है।
दिल्ली यातायात पुलिस ने सोमवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने के लिए ‘हरित गलियारा’ बनाया था। बलात्कार पीड़िता ने भाजपा के निष्कासित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर उनके साथ बलात्कार करने का आरोप लगाया है। घटना 2017 की है जब वह नाबालिग थी।
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source