
मुंबई : मनसे प्रमुख राज ठाकरे को कोहिनूर मिल मामले में पूछताछ के लिए गुरुवार (22 अगस्त) को ईडी दफ्तर बुलाया गया है। इसके तहत राज ठाकरे ईडी दफ्तर पहुंच गए हैं। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद हैं। वहीं, कानून व्यवस्था बरकरार रखने के लिए ईडी दफ्तर के बाहर व मुंबई में पुलिस बल तैनात किया गया है। हालांकि, शहर के कई इलाकों में बंद जैसा माहौल है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है। अधिकारी ने कहा, ‘‘राज ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से ईडी कार्यालय के बाहर एकत्र नहीं होने की अपील की है, लेकिन हम कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहते हैं।’’
अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने माता रमाबाई अंबेडकर मार्ग पुलिस थाना के अधिकार क्षेत्र में धारा 144 लागू की है जहां ईडी कार्यालय स्थित है।’’ उन्होंने कहा कि धारा 144 के तहत चार से अधिक व्यक्तियों को उस इलाके में एक जगह इकट्ठा होने पर प्रतिबंध होता है, जहां शांति भंग होने की आशंका रहती है। न्होंने कहा कि मध्य मुंबई के दादर क्षेत्र और अन्य स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि मनसे प्रमुख को ईडी दफ्तर बुलाए जाने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने कई जगह प्रदर्शन भी किया, जिसके बाद पार्टी के कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान मुंबई के कई इलाकों में धारा-144 लगा दी गई है। ईडी कोहिनूर सीटीएनएल इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी में ईएल एंड एफएस द्वारा किए गए 450 करोड़ रुपये से अधिक के इक्विटी निवेश और ऋण में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहा है। कंपनी मुंबई के दादर क्षेत्र में कोहिनूर स्क्वायर टॉवर बना रही है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना के वरिष्ठ नेता मनोहर जोशी के बेटे उन्मेष जोशी को भी इस मामले में ईडी ने तलब किया है।
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source