आरएसएस के मजदूर संगठन ने कहा – नीति आयोग के कारण जा रही हैं नौकरियां

आरएसएस के मजदूर संगठन ने कहा – नीति आयोग के कारण जा रही हैं नौकरियां

आरएसएस से संबंधित श्रमिक संगठन भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के अध्यक्ष साजी नारायणन ने मंगलवार को आरोप लगाया कि नीति आयोग की खराब नीतियों के कारण लोगों की नौकरियां जा रही हैं. साजी नारायणन ने यह भी आरोप लगाया कि नीति आयोग सार्वजनिक उपक्रमों के विनिवेश और ब्रिकी में भी मनमाने तरीके से काम कर रहा है.

इकनॉमिक टाइम्स की खबर के मुताबिक, भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष साजी नारायणन ने कहा, ‘एक तरफ सरकार बेहद गंभीरता से नई नौकरियां पैदा करने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही हैं, वहीं नीति आयोग जैसे संस्थान अपनी गलत नीतियों के चलते रोजगार के अवसर खत्म कर रहे हैं.’ नीति आयोग की आलोचना करते हुए बीएमएस के अध्यक्ष ने कहा कि इसका संचालन कुछ विदेशी विशेषज्ञों द्वारा किया जा रहा है जो जमीनी हालात के बारे में कुछ नहीं जानते हैं. नारायणन ने आरोप लगाया कि नीति आयोग के लोग हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के लोगों से घिरे रहते हैं और उन्हीं विशेषज्ञों की राय उनके लिए अंतिम होती है. उन्होंने आगे कहा कि नीतियां जब तक जनोन्मुखी नहीं होंगी, तब तक आर्थिक हालात नहीं बदलेंगे.

भारतीय मजदूर संघ इससे पहले भी नीति आयोग और सरकार के विनिवेश कार्यक्रम की आलोचना करता रहा है. रेलवे और आर्डिनेंस फैक्ट्रियों के निजीकरण के विरोध में चल रही ट्रेड यूनियनों की हड़ताल को भारतीय मजदूर संघ का भी समर्थन प्राप्त है.

Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں