आखिर कैसे फैल गई दिल्ली के कई इलाकों में तनाव की अफवाह, यह है असली वजह!

दिल्ली में हालात सामान्य हैं और कहीं से किसी भी किस्म के तनाव की खबर नहीं है। हालांकि रविवार शाम अचानक कई इलाकों से तनाव की अफवाहें आने लगी थीं, लेकिन पुलिस ने इन पर भरोसा न करने की अपील की है। इस बीच दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। लेकिन आखिर क्या थी वजह अफवाह फैलनेकी?

बताया जाता है कि पश्चिमी दिल्ली के एक इलाके में कुछ सट्टेबाज बैठ कर जुआ खेल रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए फोर्स के साथ पहुंच गई। पुलिस को देख सट्टेबाज भागने लगे। पुलिस की टीम उन्हें पकड़ने के लिए उनके पीछे दौड़ी, तभी कुछ सट्टेबाजों ने पुलिस पर पथराव कर शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच अफवाहों का बाजार गर्म होने लगा।

Also Read: अफवाहों पर ध्यान न दें, रविवार को कहीं कुछ नहीं हुआ दिल्ली में, कुछ देर के लिए बंद हुए थे 7 मेट्रो स्टेशन

दरअसल कुछ लोग सट्टेबाजों को भागते देख यह समझ बैठे कि कहीं कुछ गड़बड़ हुई है और शायद हिंसा फैल गई है। पुलिस ने एहतियातन पश्चिमी दिल्ली के कुछ इलाकों में घेराबंदी कर दी। मिली सूचना के अनुसार पुलिस ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में बैरिकेडिंग कर वहां से आने जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया।

इस दौरान पश्चिमी इलाके की ज्वाइंट सीपी ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और लोगों को भरोसा दिलाया कि कहीं कुछ नहीं हुआ है।


लेकिन इससे पहले अफवाह फैलते ही द्वारका के कुछ हिस्सों में बाजार बंद होने लगे और देखते – देखते बाजार और गलियों में सन्नाटा छा गया। इसके बाद पुलिस ने हिंसा की खबरों का खंडन किया और कहा कि इस तरह की खबर अफवाह है।

इसके अलावा पुलिस ने एक ट्वीट में कहा कि अफवाह ही सबसे बड़ी दुश्मन है। पुलिस ने कहा कि पश्चिमी जिले के खयाला-रघुबीर नगर आदि में तनाव की खबरें आ रही थीं, लेकिन इनमें कोई सच्चाई नहीं है। सब जगह सामान्य हालात हैं और लोग शांति बनाए रखें।


اپنی رائے یہاں لکھیں

Discover more from ورق تازہ

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading