
मुंबई/चंडीगढ़ : महाराष्ट्र और हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हुई। रूझान आने शुरू हो गए हैं। सुरक्षा के विशेष इंतेजाम किए गए हैं।
Live Updates :
हरियाणा चुनाव नतीजे : दादरी से बबीता फोगाट आगे
असम उपचुनावों में 3 सीटों पर भाजपा को बढ़त
हरियाणा चुनाव नतीजे : शुरुआती रूझान में भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर
हरियाणा चुनाव नतीजे : शुरुआती रुझानों में बीजेपी को बढ़त
महाराष्ट्र चुनाव नतीजे : भाजपा-शिवसेना गठबंधन को बड़ी बढ़त, 100 सीटों पर आगे
महाराष्ट्र : वर्ली सीट से आदित्य ठाकरे आगे, परली से पंकजा मुंडे को बढ़त
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम
महाराष्ट्र में एक्जिट पोल में भाजपा-शिवसेना गठबंधन के आसानी से सत्ता हासिल करने की संभावना प्रकट की गयी है। मतगणना ड्यूटी के लिए करीब 25,000 कर्मियों की तैनाती की गयी है। पुलिस ने मतगणना शांतिपूर्वक कराने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि 288 विधानसभा क्षेत्रों के लिए राज्य के 269 स्थानों पर मतगणना होगी। सोमवार को 61.13 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि वर्ष 2014 में 63.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
सबसे ज्यादा कोल्हापुर की करवीर सीट पर 83.93 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि सबसे कम दक्षिण मुंबई के कोलाबा क्षेत्र में 40.11 प्रतिशत मतदान हुआ । सोमवार को सतारा लोकसभा क्षेत्र का भी उपचुनाव हुआ । यहां पर 67.15 प्रतिशत मतदान हुआ था।
हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम
हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा को अपनी सत्ता बरकरार रहने की उम्मीद है और एग्जिट पोल से उसकी इन उम्मीदों को और बल मिला है जिनमें भाजपा की आसान जीत का अनुमान जताया गया है। राज्य के 90 विधानसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक में एक मतगणना केंद्र स्थापित किया गया है और गुड़गांव के बादशाहपुर खंड़ में एक अतिरिक्त केन्द्र बनाया गया है जिनमें बड़ी संख्या में मतदान केन्द्र थे।
हरियाणा के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी इंदर जीत ने बताया, ‘‘मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी।” उन्होंने बताया कि सोमवार को हुए मतदान के लिए इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों को 59 विभिन्न स्थानों पर बनाये गये 90 ‘स्ट्रांगरूम’ में रखा गया है। उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के कर्मी 24 घंटे स्ट्रांगरूम की निगरानी कर रहे है।
इंदरजीत ने बताया कि त्रि-स्तरीय सुरक्षा प्रणाली लागू है। हालांकि ज्यादातर एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी की आसान जीत का अनुमान जताया गया है लेकिन एक ने भाजपा और कांग्रेस के बीच करीबी मुकाबले की संभावना जतायी है जबकि जननायक जनता पार्टी ‘किंगमेकर’ की भूमिका निभा सकती है।
हरियाणा में सोमवार को 68 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया था जो 2014 में हुए विधानसभा चुनाव की तुलना में कुछ कम था। उस वर्ष 76.54 प्रतिशत मतदान हुआ था। वर्ष 2014 में भाजपा ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी और कांग्रेस को 15 सीटें मिली थी। इंडियन नेशनल लोकदल ने 19 सीटों पर जीत हासिल की थी और बहुजन समाज पार्टी तथा शिरोमणि अकाली दल को एक-एक सीट मिली थी। पांच निर्दलीय थे। इस बार 105 महिलाओं समेत 1,169 उम्मीदवार मैदान में है।
चुनाव मैदान में उतरे प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला और इनेलो के नेता अभय सिंह चौटाला शामिल हैं। इनके अलावा हरियाणा के मंत्रियों राम बिलास शर्मा, अनिल विज, कैप्टन अभिमन्यु, ओ पी धनखड़ और कविता जैन भी भाजपा की ओर से चुनाव मैदान में उतरे।
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source