
हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने से पहले कांग्रेस को मजबूती मिली है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की राज्य इकाई के पूर्व प्रमुख अशोक अरोड़ा दो पूर्व विधायकों प्रदीप चौधरी और सुभाष गोयल के साथ यहां रविवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।
इनके अलावा, तीन बार के पूर्व सांसद और कलायत क्षेत्र से निर्दलीय विधायक जय प्रकाश भी कांग्रेस में शामिल हुए। इन नेताओं का कांग्रेस में स्वागत करते हुए पार्टी महासचिव और हरियाणा प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा कि देश में ऐसे हालात बन गए हैं कि क्षेत्रीय पार्टियां खुद को हाशिये पर महसूस कर रही हैं।
इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, इन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला इसलिए लिया, क्योंकि सिर्फ यही पार्टी राज्य और देश में भारतीय जनता पार्टी को चुनौती दे सकती है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस आजादी की लड़ाई के समय से ही ऐसी ताकतों से लड़ती रही है।” इस मौके पर पार्टी राज्य प्रमुख कुमारी शैलजा ने कहा कि ये इसलिए कांग्रेस में शामिल हुए हैं, क्योंकि इन्हें पार्टी और इसके नेतृत्व पर भरोसा है। वहीं, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इनके आने से राज्य में कांग्रेस मजबूत होगी।
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source