
जयपुर : राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के एक खेत में पाकिस्तानी गुब्बारा मिला है। इस पर मोहम्मद अली जिन्ना और ’14 अगस्त मुबारक’ लिखा हुआ है। ग्रामीणों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है कि आखिर यह गुब्बारा यहां कैसे आया।
दरअसल, श्रीगंगानगर जिले की सीमा पाकिस्तान से सटी हुई है। ग्रामीणों ने खेत में यह गुब्बारा देखा और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर गुब्बारा जब्त कर लिया है और इसकी सूचना खूफिया विभागों को दे दी है। पुलिस स्थानीय स्तर पर भी जांच कर रही है।
थाना प्रभारी विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जैतसर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांव में एक किसान खेत में काम कर रहा था, उस दौरान उसे पाकिस्तानी गुब्बारा मिला। इसमें पाकिस्तान के समर्थन में संदेश लिखा है। गुब्बारे पर उर्दू भाषा में भी कुछ लिखा हुआ है। दूसरी तरफ मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर बनी हुई है।
वैसे बता दें यह पहला मौका नहीं है जब सीमा से सटे इस गांव से पाकिस्तानी गुब्बारे मिले हैं। इससे पहले भी कई बार पाकिस्तानी झंडे और गुब्बारे देखे गए हैं। फिलहाल स्वतंत्रता दिवस से पहले सामने आई इस घटना को पुलिस गंभीरता से ले रही है।
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source