नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर भोपाल से चुनाव जीतने वाली साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर हमेशा अपने भड़काऊ और विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहती हैं,जिसके लिये पार्टी भी उनकी तरफ से अपना पल्ला झाड़ चुकी है।
गोडसे पर साध्वी द्वारा दिये गए बयान पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह साध्वी प्रज्ञा के बयान तो क्या सोच की भी निंदा करते हैं और अब बॉलीवुड से भी साध्वी के खिलाफ प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं।
नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने वाली प्रज्ञा ठाकुर के लिए बॉलीवुड डायरेक्टर ओनिर (Onir) ने ट्वीट किया है, ”जब तक प्रज्ञा सिंह ठाकुर बीजेपी में हैं पार्टी को विपक्ष और दुश्मनों की कोई जरूरत नहीं है।”
ओनिर (Onir) ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर निशाना साधते हुए लिखा कि पार्टी को उन्हें बाहर निकाल देना चाहिए। उनका यह बयान भी चर्चा में हैं। ओनिर के अलावा फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा ने भी प्रज्ञा के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है- क्षमा गांधी जी, हम कुछ नहीं कर सके…उनके इस संदेश से जाहिर होता है कि वह साध्वी के बयान से निराश हैं।
गदर और अपने जैसी सुपरहिट बना चुके डायरेक्टर अनिल शर्मा ने साध्वी प्रज्ञा के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की है। अनिल शर्मा ने ट्वीट पर लिखा, ”जो भी सूरत या विचारधारा.. कत्ल तो कत्ल है.. कोई इसे कैसे सही ठहरा सकता है.. वो भी गांधी जी का गोडसे किसी हालात में सही नहीं हो सकता है.. साध्वी प्रज्ञा की बुद्धि पर मैं हैरान हूं, सियासत पतन करती है।”
इससे पहले ऋचा चड्ढा (Richa Chadha) ने साध्वी प्रज्ञा के बयान पर नाराजगी जताई थी.. उन्होंने ट्वीट में लिखा- ‘क्यों हम भी तो श्राप दे सकते हैं ? हमारा श्राप ज्यादा असरदार होगा, क्योंकि हम आतंक के मामलों पर जमानत पर बाहर नहीं आए हैं… शायद वो प्रधानमंत्री का सम्मान नहीं करती हैं वरना वो इस तरह का कमेंट दोबारा करने की हिम्मत कैसे करतीं ?’ ऋचा चड्ढा ने दो ट्वीट किए। ऋचा ने दूसरे ट्वीट में प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदगी वाला बयान करार दिया।’

विपक्ष के नेताओं ने ठाकुर की संसद सदस्यता रद्द करने की भी मांग की है। भाजपा के राज्यसभा सदस्य राजीव चंद्रशेखर ने बृहस्पतिवार को ठाकुर के बयान की निंदा करते हुये कहा कि पार्टी ने उन्हें संसदीय समिति से हटाने की अनुशंसा कर उचित कार्रवाई की है।
संसद भवन परिसर में चंद्रशेखर ने संवाददाताओं को बताया , ‘‘ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या करने वाले गोडसे को महिमा मंडित करना किसी भी नजरिये से उचित नहीं है। गांधी दलगत भाव से ऊपर उठकर हम सभी के लिये सदैव प्रेरणा के स्रोत रहे हैं और रहेंगे। ’’ इस दौरान आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ठाकुर को संसदीय समिति से हटाने के भाजपा के फैसले को नाकाफी बताते हुये उनकी संसद सदस्यता रद्द किये जाने की मांग की।
This post appeared first on The Inquilaab http://theinquilaab.com/ POST LINK Source Syndicated Feed from The Inquilaab http://theinquilaab.com Original Link- Source