
दक्षिण दिल्ली के तुगलकाबाद क्षेत्र में संत रविदास का एक मंदिर गिराए जाने के खिलाफ दलितों का विरोध प्रदर्शन बुधवार को हिंसक हो गया. पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का लाठीचार्ज किया.
सुप्रीम के आदेश के बाद दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने 10 अगस्त को संत रविदास का मंदिर गिरा दिया था. पीटीआई के मुताबिक बुधवार को दलित प्रदर्शनकारियों ने उस स्थल तक मार्च किया और इस दौरान एक समूह हिंसक हो गया. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने न्यूज़ एजेंसी से कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का लाठीचार्ज किया, इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.
उधर, दलित संगठन भीम आर्मी ने दावा किया कि उनके नेता चंद्रशेखर आज़ाद को हिरासत में ले लिया गया और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां भी चलायी हैं.
इस घटना से कुछ देर पहले रविदास मंदिर को गिराए जाने के विरोध में हजारों दलितों ने मध्य दिल्ली के झंडेवालान स्थित अम्बेडकर भवन से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला था. बताया जाता है कि ये प्रदर्शनकारी देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली पहुंचे थे.
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source