नई दिल्ली: भारतीय मीडिया के सबसे मशहूर चर्चित चेहरे रवीश कुमार को साल 2019 के लिये प्रतिष्ठित रमन मैग्सैसे पुरस्कार के विजेता के तौर पर किया गया है। रवीश कुमार को यह पुरस्कार ‘पत्रकारिता के द्वारा बेजुबानों की आवाज उठाने के लिए’ दिया गया है।
रवीश कुमार समेत कुल 5 लोगों को इस साल के रमन मैग्सैसे पुरस्कार के लिए चुना गया है। बता दें कि रमन मैग्सैसे पुरस्कार को एशिया में ऑस्कर के बराबर माना जाता है। यह पुरस्कार “परिवर्तनकारी नेतृत्व और महान भावना” की पहचान कर उसे सम्मानित करता है।
These are the five recipients of Asia’s premier prize and highest honor, the 2019 Ramon Magsaysay Awardees. #RamonMagsaysayAward pic.twitter.com/HrLG1qVt6L
— Ramon Magsaysay Award (@MagsaysayAward) August 2, 2019
रवीश कुमार के अलावा जिन 4 अन्य लोगों को यह पुरस्कार दिया जाएगा, उनमें म्यांमार के को स्वे विन, थाईलैंड के अंगखाना नीलापईजीत, फिलीपींस के रेमुंडो पुजानते क्याबयाब और दक्षिण कोरिया के किम जोंग की शामिल हैं।
रवीश कुमार की तारीफ करते हुए रमन मैग्सैसे अवार्ड ट्रस्टी बोर्ड ने कहा है कि रवीश कुमार के प्रोफेशन के प्रति समर्पण, नैतिक पत्रकारिता के उच्च मानदंड तय करने और सच्चाई, आजादी के लिए खड़े होने जैसी अच्छाईयों के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया जा रहा है। इसके साथ ही उनका विश्वास बेजुबानों को इज्जत भरी आवाज देने और सत्ता के विरुद्ध जाकर सच्चाई बोलने में है। इस तरह की पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती के लिए अहम होती है।

रवीश कुमार के प्रोग्राम प्राइम टाइम की तारीफ करते हुए फाउंडेशन ने लिखा कि यह कार्यक्रम असल जिन्दगी और सामान्य लोगों की समस्याओं को सामने लाता है, जिन पर लोगों का आमतौर पर कम ध्यान होता है। बता दें कि रवीश कुमार से पहले भारत में आरके लक्ष्मण, पी.साईंनाथ, अरुण शौरी, किरण बेदी और अरविंद केजरीवाल को रमन मैग्सैसे पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।