
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। सिद्धार्थनगर के पथरा क्षेत्र के ककरापोखर गांव में शनिवार तड़के एक युवक ने पत्नी की गला दबा कर हत्या कर दी। इसके बाद खुद का गुप्तांग काट दिया। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने पति के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
ककरापोखर गांव निवासी अनवारुल हसन (22) पुत्र खरकुल्लाह की शादी 10 माह पूर्व पड़ोस में रहने वाले चाचा अमीरुल्लाह की बेटी मेहनाज (21) के साथ हुई थी। शुक्रवार की रात पति-पत्नी कमरे में सोए हुए थे। जिस मकान में दोनों रह रहे थे वह अभी हाल में बना है। परिवार के अन्य सदस्य पुराने मकान में सोए थे। शनिवार की सुबह पांच बजे के आसपास मेहनाज की मां उधर गई तो कमरे का दरवाजा खुला देख कर अंदर झांका तो सन्न रह गई। कमरे में उसकी बेटी मरी पड़ी थी और दामाद खून से लथपथ था। जमीन पर भी खून पसरा हुआ था। उसने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण पहुंच गए। अनवारुल ने पत्नी की गला दबा कर हत्या करने के बाद अपना गुप्तांग काट लिया था और पत्नी के शव के पास ही बैठा था।
इस बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। थानाध्यक्ष राजेश कुमार दुबे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल अनवारुल को सीएचसी बेंवा पर इलाज के लिए भेज दिया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मृतका की मां का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। कई बार उसने समझाया भी था पर बात नहीं बनी और उसकी बेटी की गला दबा कर हत्या कर दी गई। एडिशनल एसपी मायाराम वर्मा व प्रभारी सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। अमीरुल्लाह की तहरीर पर पुलिस ने अनवारुल पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पथरा बाजार के थानाध्यक्ष राजेश कुमार दुबे ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। गुप्तांग काटने वाले हत्यारोपित पति को इलाज के लिए भेजा गया है। पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है।
This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source