
यमन के अदन में सरकार समर्थित सेना और विद्रोहियों के बीच संघर्ष का दौर जारी है। इसी बीच यमनी विद्रोहियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दर्जनों लोगों की मौत हो गई है।
सऊदी अरब की अगुवाई में विद्रोहियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई। रविवार को धमार प्रांत के एक हिरासत केंद्र को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमले में 60 लोगों की मौत हो गई।
पत्रिका पर छपी खबर के अनुसार, अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि धमार स्थित एक विश्वविद्यालय को निशाना बनाते हुए यह हवाई हमला किया गया था।उन्होंने बताया कि हौती विद्रोही इस विश्वविद्यालय का इस्तेमाल हिरासत केंद्र के रूप में कर रहे थे। धमार राजधानी सना से करीब 100 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है।
विद्रोहियों के एक अधिकारी अब्दुल कादर अल-मुर्तजा ने बताया कि हिरासत केंद्र में 170 सरकारी लड़ाके बंद थे। इस हमले को लेकर विद्रोहियों की ओर से चलाए जा रहे स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान देते हुए हमले की पुष्टि की और बताया कि हवाई हमले में 60 लोग मारे गए हैं, जबकि अन्य 60 लोग भी घायल हुए हैं।
सऊदी अरब नीत गठबंधन का कहना है कि उसने धमार में हौती सैन्य शिविर को निशाना बनाया है। इन ठिकानों पर विद्रोही ड्रोन और मिसाइल रखते हैं। हौती विद्रोहियों के प्रवक्ता मोहम्मद अब्दुल सलाम ने टेलीग्राम पर कुछ ग्राफिक तस्वीरें पोस्ट की हैं। तस्वीरों में दिख रहा है कि मलबे में कई शव दबे हैं।
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source