
संयुक्त राज्य अमेरिका के टेक्सास प्रांत के अल पासो में स्थित एक शॉपिंग मॉल में शनिवार को हुई गोलीबारी में 20 लोगों के मारे जाने की आशंका है। एक अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस घटना में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।
3 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। स्थानीय केटीएसएम9 समाचार चैनल ने पहले 18 लोगों को गोली लगने की खबर दी थी लेकिन उसने यह नहीं बताया था कितने लोगों की मौत हुई और कितने घायल हुए।
असॉल्ट राइफल से लैस एक बंदूकधारी ने वॉलमार्ट के एक स्टोर में खरीदारी कर रहे लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दी। पुलिस इसे संभवत: ‘घृणा अपराध’ का मामला मान रही है वहीं बंदूक से हिंसा की इस ‘महामारी’ को खत्म करने के लिए नए सिरे से आवाजें उठने लगी हैं।
इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, अमेरिका के वॉलमार्ट स्टोर में एक हफ्ते के भीतर गोलीबारी की यह दूसरी घटना हुई है। इससे पहले पिछले सप्ताह के अंत में कैलिफोर्निया में इसी तरह लोगों के समूह पर गोलियां चलाई गईं थी।
सीएनएन ने अल पासो के मेयर के चीफ ऑफ स्टाफ ओलिविया जीपेडा के हवाले से बताया कि मॉल में गोलीबारी में कई लोगों की मौत हो गई। घटना के बारे में बात करते हुए टेक्सास के गवर्नर ने बताया कि यह राज्य के इतिहास के सबसे घातक दिनों में से एक था।
फोन के कैमरों से बनाए गए वीडियो में स्टोर के पार्किंग वाले इलाके में कई शव बिखरे नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में भयभीत खरीददार जान बचा कर स्टोर से बाहर की ओर भागते दिख रहे हैं।
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source