
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि इस्लाम को लेकर गलत धारणाओं को दूर करने के लिए पाकिस्तान, तुर्की और मलेशिया के साथ मिलकर अंग्रेजी भाषी इस्लामी टेलीविजन चैनल शुरू करेगा.
संयुक्त राष्ट्र महासभा के 74 वें सत्र में शामिल होने न्यूयॉर्क आए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि इस्लामी इतिहास से दुनिया को अवगत कराने के लिए चैनल पर मुसलमानों से संबंधित कार्यक्रमों और फिल्मों का प्रसारण किया जाएगा. इमरान खान ने एक ट्वीट में कहा, ‘राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन, प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद और मैंने आज बैठक की. इस बैठक में इस्लाम को लेकर बनी गलत धारणाओं को दूर करने और महान धर्म इस्लाम के बारे में एक अंग्रेजी चैनल शुरू करने का फैसला किया गया.’ उन्होंने कहा कि इसके जरिये मुसलमानों के खिलाफ गलतफहमी को दूर किया जाएगा, ईशनिंदा के मुद्दे को सही संदर्भ में प्रस्तुत किया जाएगा, मुस्लिम इतिहास पर सीरीज और फिल्मों का निर्माण किया जाएगा.
खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान, तुर्की की सह मेजबानी में ‘नफरती भाषणों का प्रतिकार’ विषय पर हुई चर्चा मे भी प्रधानमंत्री इमरान खान मौजूद रहे. अपने संबोधन में इमरान खान ने नफरत भरे भाषणों का प्रतिकार, इस्लाम को लेकर गलत धारणा को दूर करने के लिए प्रभावी उपायों पर जोर देते हुए कहा कि दोनों चुनौतियों का समाधान करने की जरूरत है. इमरान ने कहा कि किसी भी समुदाय के हाशिए पर जाने से कट्टरता बढ़ सकती है.
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source