
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक इंटर कॉलेज में मंगलवार दोपहर प्राथमिक कक्षा के छात्र छात्राओं को दिए गए मिड-डे मील में मरा हुआ चूहा निकलने के कारण नौ छात्रों की हालत बिगड़ गई।
इससे मौके पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बच्चों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्चों की हालत फिलहाल ठीक है।
अमर उजाला पर छपी जानकारी के अनुसार, जनता इंटर कॉलेज पचेंडा में कक्षा 6 के छात्रों को दिए गए मिड-डे मील में मरा हुआ चूहा निकला। मंगलवार दोपहर को मिड-डे मील बांटने वाली संस्था युवा कल्याण सेवा समिति की ओर से मिड-डे मील में दाल-चावल कॉलेज में भेजे गए थे।
बच्चों को मिड-डे-मील देते हुए दाल में यह मरा हुआ चूहा निकलने से अफरा-तफरी मच गई। जब तक दाल में मरा हुआ चूहा मिलने की जानकारी हुई तब तक 9 बच्चे और 1 शिक्षक मिड डे मील खाने लगे थे।
बताया गया कि स्कूल में खाना खाने से शिक्षक मन्नू कुमार समेत नौ बच्चों की हालत बिगड़ गई। इनमें हंस(13), हर्ष (12), प्रशांत (11), आशू (13), अमन(11), हिमांशु (13), शिवम (12) सागर (11), देवांश (11) को पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत हुई थी, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
प्रधानाचार्य डॉ. विनोद कुमार के अनुसार सभी को जिला चिकित्सालय भिजवा कर उपचार करवाया। इस संबंध में डीएम ,एसडीएम, बीएसए और डीआईओएस को भी जानकारी दी गई। फिलहाल सभी बच्चे स्वस्थ हैं।
उधर, खाद्य औषधि प्रशासन विभाग ने मौके पर जाकर मिड-डे-मील को जब्त उसके नमूने लिए हैं। सभी 9 बच्चों और शिक्षक को जिला चिकित्सालय में भेजकर दवाई और इंजेक्शन लगवा कर घर भेज दिया गया है। एसडीएम सदर नीरज मलिक ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source