नई दिल्ली: वेस्ट बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऑल इण्डिया मजलिस ऐ इत्तिहादुल मुस्लिमीन के मुखिया बैरिस्टर असदउद्दीन ओवैसी पर इशारों इशारों में बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि हैदराबाद की एक पार्टी भाजपा से पैसा लेती है।
कूच बिहार में जनसभा को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा, ‘अल्पसंख्यकों के बीच अतिवाद सामने आ रहा है। ठीक जैसे कि हिंदुओं में चरमपंथ है। एक राजनीतिक पार्टी है जो भाजपा से पैसा लेती है। वह हैदराबाद से हैं न कि पश्चिम बंगाल से।’

बनर्जी ने संसद के शीतकालीन सत्र में नागरिकता संशोधन विधेयक (कैब) लाने का प्रयास करने के लिए सोमवार को केंद्र की भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा। ममता ने कहा कि यह प्रस्तावित विधेयक बंगालियों और हिंदुओं को देश के वैध नागरिकों के रूप में बाहर करने के लिए राष्ट्रीय नागरिक पंजीकरण की तरह एक और ‘जाल’ है।
बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि ‘केंद्रीय बलों का उपयोग और वोटों को खरीद कर’ भाजपा ने पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 18 सीटें जीत ली और 2021 के विधानसभा चुनावों में वह ‘बंगाल पर विजय पाने का दिवास्वप्न’ देख रही है। भारत-बांग्लादेश सीमा पर कूचबिहार जिले में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए बनर्जी ने 2021 में लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में वापसी करने का विश्वास जताया।
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने कहा, ‘मैं अपनी पार्टी में अंदरूनी कलह को सहन नहीं करूंगी। जो लोग अंदरूनी कलह में लिप्त है, वे इसे कमजोर कर रहे है। जो लोग भाजपा के संपर्क में हैं, वे पार्टी छोड़ने के लिए स्वतंत्र हैं। यह हमें विश्वासघाती लोगों से छुटकारा पाने में मदद करेगा। तृणमूल कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं होगी। आपको (पार्टी कार्यकर्ता) लोगों तक पहुंचना होगा और जरूरत के समय उनके साथ खड़ा होना होगा। मैं आपको कभी भी आपस में लड़ने और पार्टी को इसका नुकसान नहीं होने दूंगी।’
वहीं ममता के बयान पर ओवैसी ने पलटवार करते हुए कहा, ‘मेरे खिलाफ इस तरह के आरोप लगाकर आप बंगाल के मुस्लिमों को यह संदेश दे रही हैं कि ओवैसी की पार्टी राज्य में तेजी से उभर रही है। ममता बनर्जी इस तरह के बयानों से अपना डर और कुंठा दिखा रही हैं। हम बंगाल विधानसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारेंगे। हम ए टीम हैं। हमें भाजपा की बी टीम कहना गलत है।’
This post appeared first on The Inquilaab http://theinquilaab.com/ POST LINK Source Syndicated Feed from The Inquilaab http://theinquilaab.com Original Link- Source