
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में करीब 10 गायों को एक स्कूल के कमरे में कई दिनों तक बंद रखा गया जहां भूख-प्यास से उनकी मौत हो गई. मामला ग्वालियर जिले के डबरा का है जहां समूदन के मिडिल स्कूल के एक कमरे में दस से ज्यादा गायों को बंद कर रखा गया था, लेकिन बुधवार को जब गाय भूख-प्यास से दम तोड़ कर मर गई तो गांव वालों ने आनन-फानन में जेसीबी को बुलाकर गड्ढा खोद गायों को दफनाना शुरू कर दिया.
हालांकि, गांववाले गायों को दफनाने में कामयाब हो पाते उससे पहले ही प्रशासन को इसकी भनक लग गई और मौके पर एसडीएम और स्थानीय पुलिस पहुंच गई. मौके से जेसीबी के ड्राइवर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, तो वहीं जेसीबी को भी जब्त किया गया है. दरअसल, ग्राम पंचायत समूदन के मिडिल स्कूल के परिसर में जेसीबी से खुदाई चलती देख स्थानीय प्रशासन को जानकारी दी जिसके बाद पता चला कि यहां मरी हुई गायों को दफनाया जा रहा है.
जानकारी लेने पर पता चला कि गायों द्वारा गांव के किसानों की फसलें बीते कुछ दिनों से खराब कर दी जा रही थी जिसके बाद गांववालों ने इन गायों को स्कूल के कमरे में बंद कर दिया. हफ्ते भर से कमरे में भूखी प्यासी रही गायों की जब तड़प-तड़प कर मौत हो गई और उनके शवों से बदबू आने लगी तो गांव वालों ने उन्हें गड्ढे में दफनाना शुरू कर दिया था. मामला सामने आने के बाद गौसेवकों ने मौके पर आकर चक्का जाम कर दिया.
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source