
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पार्टी के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना की। उन्होंने ट्रंप को ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम में दिए एक बयान पर घेरा। ट्रंप ने कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी को ‘Father of India’ (भारत का पिता) बताया था, जहां अब इसे लेकर ओवैसी का गुस्सा फूटा है।
ओवैसी ने डोनाल्ड ट्रंप को अनपढ़ बताते हुए कहा कि उन्हें भारत के इतिहास का कोई ज्ञान नहीं है। इतना ही नहीं ओवैसी ने यह दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान ने भारत की विरासत का अपमान किया है।
जागरण डॉट कॉम के अनुसार, ओवैसी ने कहा, ‘ट्रम्प को हमारे स्वतंत्रता संग्राम का कोई ज्ञान नहीं है। मोदी राष्ट्र के पिता नहीं हो सकते क्योंकि आप उनकी तुलना महात्मा गांधी से नहीं कर सकते। यहां तक कि जवाहर लाल नेहरू और सरदार पटेल जैसे दिग्गजों को भी इस तरह के खिताब नहीं दिए गए।’
ओवैसी ने आगे कहा, ‘मैं इसे उनकी(ट्रंप) बुद्धिमानी पर छोड़ता हूं लेकिन मैं उनके द्वारा दिया गया पीएम मोदी को फादर ऑफ इंडिया शीर्षक को स्वीकार नहीं कर सकता’। बता दें कि ओवैसी ने यह भी कहा कि इसे लेकर पीएम सामने आएंगे और ट्रंप ने जो कहा है उस पर स्पष्टीकरण जारी करेंगे।
असदुद्दीन ओवैसी ने डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पीएम मोदी की तुलना अमेरिकी संगीतकार एल्विस प्रेस्ली से करने पर भी एक बयान दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और प्रेस्ली में थोड़ा बहुत संबंध है। प्रेस्ली बेहतरीन गाना गाते थे और मजमा जमाते थे।
सही वैसे ही पीएम अपने भाषणों के साथ भी करते है, अच्छा भाषण देते है और मजमा जमा लेते है। हालांकि, उन्होंने बाद में कहा कि वह पीएम मोदी की तुलना नहीं करना चाहते।
ओवैसी ने कहा कि ट्रंप माइंड गेम खेल रहे है। उन्होंने कहा, ‘वह दोहरा खेल खेल रहे हैं। वह मोदी और इमरान खान दोनों की प्रशंसा करते हैं। हमें डोनाल्ड ट्रंप के खेल को समझने की जरूरत है।’ बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा था कि मोदी एल्विस प्रेस्ली जैसे किसी रॉक स्टार से कम नहीं है।
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source