
उत्तर कोरिया पिछले कुछ दिनों से लगातार मिसाइलों का परीक्षण कर रहा है, और उसके ‘नए हथियार’ के रहस्य ने दुनिया में बेचैनी पैदा कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने शनिवार को कहा कि उसके नेता किम जोंग उन की निगरानी में एक बार फिर एक नए हथियार का परीक्षण किया गया है।
इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, उत्तर कोरिया द्वारा किए जा रहे इन परीक्षणों को धीमी परमाणु वार्ता और संयुक्त सैन्य अभ्यासों को लेकर अमेरिका तथा दक्षिण कोरिया पर दबाव बनाने के तौर पर देखा जा रहा है।
प्योंगयांग की कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) ने शनिवार को कहा कि शुक्रवार को हुए परीक्षण की निगरानी करने वाले किम ने हालिया परीक्षण गतिविधियों में अपनी सेना की ‘रहस्यमयी और शानदार सफलता दर’ को लेकर ‘काफी संतोष’ जताया है।
साथ ही उन्होंने ‘अजेय सैन्य क्षमताएं’ हासिल करने का आह्वान किया जिसे कोई चुनौती देने की हिमाकत ना कर पाए। खबर में अमेरिका या दक्षिण कोरिया के किसी बयान का उल्लेख नहीं किया गया है। शुक्रवार को हुआ परीक्षण हाल के दौर में उत्तर कोरिया का छठा परीक्षण है।
इससे पहले जुलाई में उसने नए रॉकेट आर्टिलरी प्रणाली और दो अलग-अलग कम दूरी की मोबाइल बैलिस्टिक मिसाइल प्रणालियों का परीक्षण किया था। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे उत्तर कोरिया की दक्षिण कोरिया में हमला करने की क्षमता बढ़ेगी।
साथ ही वह वहां अमेरिका के अड्डों तक भी पहुंच जाएगा। KCNA ने हालांकि यह नहीं बताया कि शुक्रवार को जिस हथियार का परीक्षण किया गया वह किस तरह का था लेकिन कहा कि परीक्षण सफल रहा और इससे सेना का आत्मविश्वास मजबूत हुआ।
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source