
पुलिस ने स्वयंभू बाबा स्वामी नित्यानंद के खिलाफ बच्चों को अगवा करने को लेकर केस दर्ज किया है। आरोप है कि अहमदाबाद स्थित आश्रम के संचालन के लिए स्वामी नित्यानंद बच्चों को बंधक बनाकर अपने अनुयायियों से चंदा जुटाने के काम में लगा देता है।
न्यूज़ ट्रैक पर छपी खबर के अनुसार, पुलिस ने नित्यानंद की दो शिष्याओं साध्वी प्राण प्रियनंदा और प्रियतत्व रिद्धि किरण को गिरफ्तार किया है। दोनों पर चार बच्चों का अपहरण करने, फ्लैट में बंधक बनाकर रखने और बाल मजदूरी कराने का आरोप लगा है।
अपने बयान में अहमदाबाद ग्रामीण के डीएसपी केटी कमारिया ने बताया कि एक फ्लैट और योगिनी सर्वज्ञपीठम आश्रम से चार बच्चों को मुक्त कराया गया था। इनके बयान दर्ज करने के बाद नित्यानंद के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
कमारिया के मुताबिक, आश्रम से छुड़ाए गए नौ और दस साल के बच्चों ने बताया कि उन्हें यातनाएं दी जा रही थीं और बाल श्रमिक के तौर पर उनसे काम करवाया जा रहा था।
आपकी जानकारी के लिए बता दे कि उन्हें फ्लैट में दस दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। इन आरोपों के बाद नित्यानंद की दोनों शिष्याओं को गिरफ्तार किया गया।
फ्लैट से मुक्त कराए गए बच्चों को बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है, जो उनके परिजनों का पता लगाने का काम कर रहे है।
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source