नबी और मुजीब के बदौलत अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को 25 रनों से हराया

नबी और मुजीब के बदौलत अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को 25 रनों से हराया

मोहम्मद नबी के तूफानी अर्धशतक के बाद मुजीब उर रहमान की फिरकी के दम पर अफगानिस्तान ने त्रिकोणीय टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में बांग्लादेश को 25 रन से हराकर अंक तालिका में शीर्ष पर अपनी जगह और मजबूत कर ली। अफगानिस्तान के 165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम मुजीब (15 रन पर 4 विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 19.5 ओवरों में 139 रन पर सिमट गई। मेजबान बांग्लादेश ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और उसकी तरफ से महमूदुल्लाह (44) और शब्बीर रहमान (24) ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए। इन दोनों के अलावा टीम का कोई बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया।

मोहम्मद नबी ने की तूफानी बल्लेबाजी
इससे पहले मोहम्मद नबी की 54 गेंद में 7 छक्कों और 3 चौकों की मदद से नाबाद 84 रन की पारी की बदौलत अफगानिस्तान ने 6 विकेट पर 164 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से मोहम्मद सैफुद्दीन ने 33 रन देकर 4 जबकि कप्तान शाकिब अल हसन ने 18 रन देकर 2 विकेट चटकाए। अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही और उसने 40 रन तक ही 4 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन नबी ने पूर्व कप्तान असगर अफगान (40) के साथ पांचवें विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला। नबी ने अंतिम तीन ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी की जिससे टीम 42 रन जोड़ने में सफल रही।

अफगानिस्तान की लगातार दूसरी जीत   
मोहम्मद नबी ने 18वें ओवर में सौम्य सरकार की गेंदों पर 2 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 22 रन बटोरे। इस दौरान मोहम्मद नबी ने 41 गेंदों में अर्धशतक भी पूरा किया। उन्होंने 19वें ओवर में मोहम्मद सैफुद्दीन पर भी 2 छक्के मारे। इस जीत से अफगानिस्तान की टीम ने 2 मैचों में 2 जीत से 4 अंकों के साथ शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। बांग्लादेश की टीम 2 मैचों में एक जीत और एक हार से 2 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही तीसरी टीम जिंबाब्वे ने अब तक अपने दोनों मैच गंवाए हैं और टीम अंतिम स्थान पर चल रही है।

Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں

Discover more from ورق تازہ

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading