
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। ये खबर धौनी के चाहने वालों को निराश कर सकती है। जी हां, एमएस धौनी ने एक और टी20 सीरीज खेलने से मना कर दिया है। धौनी ने इस बात की जानकारी भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ताओं को दे दी है।
अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धौनी बांग्लादेश के खिलाफ नवंबर में होने वाली टी20 सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। ऐसा पहली बार है जब एमएस धौनी ने लगातार तीन सीरीज खेलने से मना किया है। महेंद्र सिंह धौनी इंग्लैंड और वेल्स में खेले गए वर्ल्ड कप के बाद भारतीय टीम की नीली जर्सी में नज़र नहीं आए हैं।
जागरण डॉट कॉम के अनुसार, धौनी ने नीली जर्सी में आखिरी मैच वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेला था, जिसमें उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली थी, लेकिन टीम इंडिया करीबी मुकाबले में हार गई थी।
इसके बाद भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज का दौरा किया लेकिन धौनी नहीं गए। वेस्टइंडीज से लौटने के बाद भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज खेलने उतरी। इस सीरीज से भी धौनी नदारद रहे।
वेस्टइंडीज के बाद साउथ अफ्रीका और अब बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भी धौनी ने खुद को उपलब्ध नहीं बताया है, जिसकी जानकारी उन्होंने बोर्ड को दे दी है।
38 वर्षीय एमएस धौनी वर्ल्ड कप के बाद भारतीय सेना में अपनी सेवाएं देने के लिए जम्मू-कश्मीर गए थे। यहां से वे अगस्त के बीच में लौट आए, लेकिन क्रिकेट खेलने के लिए उपलब्ध नहीं रहे।
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source