
दुबई की रानी हया बिंत हुसैन ने ब्रिटेन में राजनीतिक शरण मांगी है। हया दुबई के शासक शेख मुहम्मद बिन राशिद अल मख्तूम की पत्नियों में से एक हैं। पिछले दिनों सामने आया था कि हया पति को छोड़कर चली गई हैं। उन्होंने पति से तलाक भी मांगा है।
नाम नहीं बताने की शर्त पर शाही परिवार से जुड़े एक शख्स ने बताया कि 45 वर्षीय रानी हया कई महीने पहले ही अपने 11 और सात साल के बच्चों को लेकर लंदन चली गई थीं। तभी से वह बच्चों शेख जाएद और शेखा अल जलीला के साथ केंसिंगटन पैलेस के नजदीक एक भवन में रह रही हैं।
पिछले महीने एक शाही कार्यक्रम में रानी की अनुपस्थिति के बाद उनके भागने की खबरें सामने आई थीं। रानी हया को शेख की छह पत्नियों में सबसे आकर्षक माना जाता है।
वह जॉर्डन के पूर्व राजा हुसैन की बेटी हैं और अपने सामाजिक कार्यो के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने 2004 में दुबई के 69 वर्षीय शासक से अम्मान में एक सादे कार्यक्रम में शादी की थी।
जागरण डॉट कॉम के अनुसार, रानी हया ने दुबई छोड़कर जाने को लेकर सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। हालांकि उनके जाने के बाद से शेख ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर कुछ शायरियां पोस्ट की हैं। इनमें सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया गया है। एक पंक्ति में उन्होंने लिखा, ‘मेरी जिंदगी में अब तुम्हारी कोई जगह नहीं, मुझे परवाह नहीं कि तुम जियो या मरो।’
रानी हया दुबई में शेख मुहम्मद के महल से भागने वाली तीसरी महिला हैं। उनसे पहले शेख मुहम्मद की दो बेटियां शेखा शम्स अल मख्तूम और शेखा लतीफा बिंत मुहम्मद अल मख्तूम महल से भाग गई थीं। उन्हें अमीरात के सैनिकों ने पकड़ लिया था। वकीलों का कहना है कि दोनों की इच्छा के बिना उन्हें दुबई में रखा गया है।
This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source