
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वकील ने कहा कि व्हाइट हाउस बुधवार को होने वाली कांग्रेस की सुनवाई में भाग नहीं लेगा जिसमें राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग के कानूनी आयामों पर विचार किया जाएगा।
व्हाइट हाउस की वकील पैट सिपोलोन ने प्रतिनिधि सभा में न्यायिक समिति के डेमोक्रेटिक अध्यक्ष जेरी नैडलर को रविवार को एक पत्र लिखकर कहा, ‘हमसे सुनवाई में भाग लेने की उम्मीद नहीं की जा सकती जबकि अभी तक गवाहों के नाम नहीं बताए गए हैं और अभी यह अस्पष्ट है कि क्या न्यायिक समिति अतिरिक्त सुनवाई के जरिए निष्पक्ष प्रक्रिया का पालन करेगी।’ इसमें कहा गया है कि मौजूदा परिस्थितियों के मुताबिक हमारा बुधवार को होने वाली सुनवाई में भाग लेने का इरादा नहीं है।
गौरतलब है कि ट्रंप पर आरोप है कि उन्होंने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में संभावित प्रतिद्वंद्वी जो बिडेन समेत अपने घरेलू प्रतिद्वंद्वियों की छवि खराब करने के लिए यूक्रेन से गैरकानूनी रूप से मदद मांगी।
सदन की न्यायिक समिति बुधवार को इस पर सुनवाई शुरू करेगी कि क्या जांच में शामिल किए गए सबूत राजद्रोह, घूस या अन्य उच्च अपराधों और खराब आचरण के आधार पर संवैधानिक रूप से महाभियोग चलाने के मानकों को पूरा करते हैं।
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source