
हम लाख बेटा-बेटी के बराबर होने की बात कर लें पर बीच बीच में हमारे ही समाज से निकलकर आती निर्मम घटनाएं हमें इस बात का आभास करवा जाती है कि बेटियां आज भी समाज पर बोझ समझी जाती हैं। एक ताजा मामला झारखंड से है जहां बेटी के कारण उसके एक मां को ही मार दिया गया।
हरिभूमी पर छपी खबर के अनुसार, प्रदेश के कांडी थाना क्षेत्र की के बहेरवा गांव में अमृता की शादी 2014 में धर्मजीत प्रजापति से हुई थी। शादी के दो साल बाद उसे एक बेटी हुई इसके बाद ससुराल वालों ने उसे तंग करना शुरु कर दिया। दूसरी बेटी को जन्म देने के बाद तो जैसे उसने कोई बड़ा पाप कर दिया।
ससुराल के लोगों ने उसके साथ दुश्मन की तरह व्यवहार करना शुरू कर दिया। पिछले साल पति धर्मजीत ने अमृता को पीट पीटकर उसका दोनों हाथ तोड़ दिया। लेकिन शनिवार को जो हुआ वह बेहद डरावना था। पूरे परिवार ने महिला को पीटना शुरू किया।
जिसे जो हाथ लगा उसी से पीट रहा था। जब लगा कि अब अमृता मर गई है तो सभी घर छोड़कर फरार हो गए। घटना की जानकारी गांव वालों को हुई तो वह मौके पर पहुंचे और महिला को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पीटकर की गई हत्या के बारे में सूचना मिलते ही एएसआई प्रभु प्रसाद मेहता वहां पहुंच गए। घर पर ताला बंदकर सास, ससुर, पति और देवर फरार हो गए थे। सभी के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। गांव वालों ने बताया कि कई बार पंचायत बुलाकर मामले को सुलझाने की कोशिश की गई पर असर नहीं हुआ।
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source