नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत के दोघट इलाके में जय श्रीराम न बोलने पर एक मुफ़्ती साहब की पिटाई का मामला सामने आया है,प्राप्त जानकारी के अनुसार मुफ़्ती मेरठ-मुजफ्फरनगर हाइवे से अपने घर जा रहे थे तभी लड़कों के एक समूह ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ बदसलूकी की।
मौलाना ने बताया कि वह दोघट क्षेत्र के सरोरा मंदिर और कुटी पुलिस चौकी के बीचे पहुंचे तो हाइवे पर खड़े लगभग 10 लड़कों के समूह ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ मारपीट की. आरोप है कि युवकों ने मौलाना से कहा कि, ‘अगर भारत में रहना होगा, जय श्रीराम कहना होगा’।

जय श्रीराम नहीं कहने पर युवकों ने मौलाना की जमकर पिटाई की. पीड़ित मौलाना का नाम इमलाकुर्रहमान है, जो सरधना से पढ़ाकर वापस अपने घर जा रहे थे. मौलाना मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के जौला गांव के रहने वाले हैं।

आरोप है कि पिटाई करते हुए युवकों ने मौलाना की दाढ़ी को खींचा और उनकी टोपी को उतारकर फेंक दिया. आरोपी युवकों ने पिटाई करते हुए मौलाना से जय श्रीराम के नारे लगाने को कहा. मौलाना ने विरोध किया और जय श्रीराम के नारे नहीं लगाए. मौलाना ने नारे नहीं लगाये तो युवकों ने दाढ़ी खींचकर उनकी बेतहाशा पिटाई की और अगली बार दाढ़ी कटवाकर हाइवे से गुजरने को कहा. मौलाना ने जान बचाने के लिए शोर मचा दिया. मौलाना की आवाज सुनकर रास्ते से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे और उनकी जान बचाई।
मौलाना ने दोघट थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी है. अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है. हमारे संवाददाता ने इस मामले में बात करने के लिए पुलिस अधीक्षक बागपत को फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया. एएसपी और सीओ ने भी मामले में बोलने से इनकार कर दिया।