नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ट नेता और कद्दावर केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने एक बार फिर नया बयान देकर चोंका दिया है परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र नागपुर में हुए एक कार्यक्रम में बड़ा बयान दिया है। नेताओं के दल बदलने पर सवाल उठाने के बाद अब उन्होंने सरकार के कामकाज पर ही सवाल उठा दिया है। उन्होंने अपने प्रोजेक्ट्स में सरकार के योगदान को लेकर बयान दिया है।
ये है गडकरी का नया बयानः तेज रफ्तार से सड़क निर्माण के चलते कभी महाराष्ट्र में ‘रोडकरी’ के नाम से चर्चित रहे नितिन गडकरी ने कहा, ‘मैं किसी प्रोजेक्ट में सरकार की मदद नहीं लेता। जहां भी सरकार हाथ लगाती है, वहां सत्यानाश हो जाता है।’ गडकरी के इस बयान से भी बवाल मचना तय है। बता दें कि महाराष्ट्र और केंद्र दोनों ही जगह इस वक्त बीजेपी की सरकार है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने एक संत की सलाह का जिक्र करते हुए कहा, ‘मैंने सरकार और भगवान पर भरोसा रखना बंद कर दिया।’ हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कुछ अच्छा काम चल रहा है, उसके लिए बधाई। गडकरी के तीखे बयानों की फेहरिस्त छोटी नहीं है। हाल ही में उन्होंने अपने अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि काम समय से पूरा नहीं किया तो वो लोगों से कह देंगे ‘कर दो धुलाई।’
लोकसभा चुनाव के दौरान नितिन गडकरी के बयानों से बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कई बार प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निशाने पर लिया था। गडकरी बीजेपी के अध्यक्ष भी रहे हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में भी उनकी खासी पकड़ मानी जाती है।