सियासी नक्शा / भाजपा के हाथ से झारखंड भी निकला, 2 साल में एनडीए ने 7 राज्यों में सत्ता गंवाई, अब 42% आबादी वाले 16 राज्यों में उसकी सरकार

Jharkhand Election Results | Map Of BJP Ruling States In 2019, List Of BJP Ruled States News Updates On Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2019

  • अभी भाजपा विरोधी दलों की 12 राज्यों में सरकारें, इनमें से कांग्रेस के पास 6 राज्य; झारखंड में सरकार बनने पर 7वां राज्य जुड़ेगा
  • पिछले 2 साल में भाजपा ने 4 राज्यों में सत्ता हासिल की, इनमें कर्नाटक को छोड़कर मेघालय, त्रिपुरा और मिजोरम छोटे राज्य हैं
  • तमिलनाडु में भाजपा ने अन्नाद्रमुक के साथ सिर्फ लोकसभा चुनाव लड़ा, राज्य में उसका विधायक नहीं, इसलिए वह सत्ता में भागीदार नहीं

नई दिल्ली. झारखंड में भी भाजपा के हाथ से सत्ता निकल गई। यह सातवां राज्य है, जहां भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने पिछले दो साल में सत्ता गंवा दी है। दिसंबर 2017 में एनडीए बेहतर स्थिति में था। भाजपा और उसके सहयाेगी दल शीर्ष पर थे। मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ जैसे मध्य क्षेत्र के राज्यों में उसकी सरकार थी। बिहार में नीतीश कुमार राजद का महागठबंधन छोड़कर एनडीए में आ चुके थे और उत्तर प्रदेश में भाजपा ने रिकॉर्ड सीटों के साथ सरकार बनाई थी। 72% आबादी और 75% भूभाग वाले 19 राज्यों में एनडीए की सरकार थी। झारखंड में सत्ता गंवाने के बाद अब एनडीए के पास 16 राज्यों में ही सरकार बची है। इन राज्यों में 42% आबादी रहती है।

भाजपा ने 2 साल में 7 राज्यों में सत्ता गंवाई, 4 राज्यों में सरकार बनाई

  • दिसंबर 2017 में एनडीए के पास 19 राज्य थे। एक साल बाद भाजपा ने मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में सत्ता गंवा दी। यहां अब कांग्रेस की सरकारें हैं।
  • चौथा राज्य आंध्र प्रदेश है, जहां भाजपा-तेदेपा गठबंधन की सरकार थी। मार्च 2018 में तेदेपा ने भाजपा से गठबंधन तोड़ लिया। 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में यहां वाईएसआर कांग्रेस ने सरकार बनाई।
  • पांचवां राज्य महाराष्ट्र है, जहां चुनाव के बाद शिवसेना ने एनडीए का साथ छोड़ा और हाल ही में कांग्रेस-राकांपा के साथ सरकार बना ली।
  • छठा राज्य जम्मू-कश्मीर है, जहां जून 2018 में भाजपा ने पीडीपी से नाता तोड़ा था। यहां पहले राज्यपाल और फिर राष्ट्रपति शासन लगाया गया। अब यह दो केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित हो चुका है। इनमें से जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव होना बाकी है। लद्दाख को बिना विधानसभा वाला केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया है।
  • सातवां राज्य अब झारखंड है। यहां कांग्रेस-झामुमो-राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन को जीत मिलती दिख रही है।
  • भाजपा ने ये सात राज्य गंवाए, लेकिन कर्नाटक, मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय में सरकार बनाई। इनमें कर्नाटक बड़ा है। बाकी राज्य छोटे हैं। इसलिए अब 72% की जगह देश की 42% आबादी वाले राज्यों में ही एनडीए का शासन बचा है।

भाजपा विरोधी दलों की 12 राज्यों में सरकारें, इनमें से कांग्रेस के पास 6 राज्य

  • कांग्रेस खुद के बूते या गठबंधन के जरिए महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, पुड्‌डुचेरी में सत्ता में है। झारखंड में सरकार बनने पर उसकी 7 राज्यों में सरकार होगी।
  • दिल्ली में आम आदमी पार्टी, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस, केरल में माकपा के नेतृत्व वाला गठबंधन, आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस, ओडिशा में बीजद और तेलंगाना में टीआरएस सत्ता में है।
  • एक और राज्य तमिलनाडु है, जहां भाजपा ने अन्नाद्रमुक के साथ लोकसभा चुनाव तो लड़ा था, लेकिन राज्य में उसका एक भी विधायक नहीं है। इसलिए वह सत्ता में भागीदार नहीं है।

Credits: Dainik Bhaskar

Discover more from ورق تازہ

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading