भिवंडी में मेट्रो मार्ग का धामनकर नाका से आगे निर्माण हेतु कोई सिग्नल नहीं
निर्माण कार्य हेतु टेंडर प्रक्रिया भी प्रलंबित
ठाणे से धामनकर नाका तक पहुंचकर रुका निर्माण कार्य
भिवंडी ।। ठाणे से भिवंडी-कल्याण तक जाने वाली मेट्रो- 5 परियोजना का कार्य ठाणे से शुरू होकर धामनकर नाका फ्लाईओवर तक पहुंच चुका है।ठाणे से धामनकर नाका फ्लाईओवर तक मार्ग के बीचो-बीच बैरिकेडिंग कर पिलर डाले जाने हेतु गड्ढों को खोदकर टेस्टिंग किए जाने का कार्य लगभग पूर्ण होने की ओर है। धामनकर नाका फ्लाईओवर को जमींदोज कर आगे मेट्रो मार्ग का निर्माण किया जाना है, बावजूद फ्लाईओवर तक कार्य पहुंचने के उपरांत निर्माण कार्य रुक जाने से शहरवासियों में मेट्रो रेल मार्ग को लेकर अनिश्चितता उत्पन्न हो गई है
गौरतलब हो कि ठाणे से भिवंडी-कल्याण तक जाने वाली मेट्रो रेल मार्ग का निर्माण धामनकर नाका फ्लाईओवर के पास रोक दिया गया है।मेट्रो मार्ग निर्माण अचानक रुक जाने से शहरवासियों में मेट्रो रेल मार्ग को लेकर अनिश्चितता का माहौल कायम हो गया है। मेट्रो रेल मार्ग निर्माण का कार्य देख रहे तमाम संबंधित अधिकारी भी निर्माण कार्य रुकने संबंधी कोई भी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। धामनकर नाका से मेट्रो रेल अब कहां से जाएगी ? उक्त सूचना ठीक से नहीं मिलने से शहर के नागरिकों में संभ्रम की स्थिति फैल गई है। जबकि एमएमआरडीए के अनुसार मेट्रो रेल का मार्ग कशेली, अंजुर फाटा, धामनकर नाका से होकर कल्याण नाका, साईं बाबा चौक, राजनोली नाका से कोन गांव होकर कल्याण तक जाना है । आश्चर्यजनक तथ्य है कि मनपा महासभा द्वारा अंजुर फाटा,धामनकर नाका मार्ग होकर भिवंडी- कल्याण मार्ग से मेट्रो मार्ग निर्माण की मंजूरी प्रदान किये जाने के उपरांत मनपा नगर रचना विकास विभाग द्वारा प्रस्तावित मेट्रो मार्ग के दोनों किनारे आने वाले दुकानदारों, रहिवासियों से आपत्तियां एवं सुझाव मंगाकर नगर विकास विभाग मंत्रालय को 1 वर्ष पूर्व भेजा गया था।बावजूद नगर विकास विभाग द्वारा कोई भी जवाब भिवंडी मनपा को नहीं आया है।सूत्रों की मानें तो जब तक नगर विकास विभाग मंत्रालय सुझाव और आपत्ति पर कोई निर्णय नहीं देता तब तक धामनकर नाका से भिवंडी-कल्याण नाका मार्ग से होकर गुजरने वाली मेट्रो रेल का मार्ग कदापि निश्चित नहीं हो सकता है।नगर विकास मंत्रालय द्वारा आपत्तियां एवं सुझाव पर निर्णय लेकर हरी झंडी देने के उपरांत ही भिवंडी मनपा प्रशासन द्वारा मेट्रो रेल मार्ग की हद में आने वाले दुकानों, मकानों को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर मेट्रो मार्ग को क्लियर किया जाएगा। उक्त मुद्दे पर मनपा आयुक्त डॉ पंकज आशिया व नगर रचना विभाग के उप संचालक श्रीकांत देव का कहना है कि एमएमआरडीए अधिकारियों द्वारा अभी तक धामनकर नाका से आगे मेट्रो मार्ग निर्माण हेतु कोई सिग्नल नहीं दिया गया है। निर्माण कार्य हेतु टेंडर प्रक्रिया भी प्रलंबित है। एमएमआरडीए का आवश्यक निर्देश मिलते ही मेट्रो मार्ग निर्माण में आने वाली तमाम बाधाओं को दूर किया जाएगा।