एक करोड़ 35 लाख कीमत के कार्बाईड धातु की चोरी का पर्दाफाश
गोदाम का शटर तोड़कर चोरी को अंजाम देने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
भिवंडी ।। भिवंडी नारपोली पुलिस ने सिर्फ 12 घंटों के भीतर भिवंडी ग्रामीण के वलगांव में नान फेरस मेटल नामक गोडाउन की जाली व शटर तोड़कर एक करोड़ 35 लाख 1 हजार 912 रुपए कीमत की टंगस्टन कार्बाईड नामक धातु की चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार होने वाले अज्ञात चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है । इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है ।
भिवंडी नरपोली पुलिस स्टेशन में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर भिवंडी पुलिस उपायुक्त योगेश चौहाण ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि निखिल नरेंद्र दुबल, निवासी मुंबई का गोडाउन पद्मावती कांप्लेक्स वलगांव भिवंडी में है जहां 8 नवंबर को अज्ञात चोरों ने गोडाउन के बाहर की जाली का ताला और शटर तोड़कर गोडाउन में रखें 12 प्वाइंट 3 टन टंगस्टन कार्बाईड नाम कीमती धातु चोरी कर फरार हो गए , जिसकी कीमत एक करोड़ 35 लाख 1 हजार 912 रुपए बताई गई । गोडाउन मालिक निखिल नरेंद्र दुबल की शिकायत पर नारपोली पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया और पुलिस आयुक्त विवेक फणसलकर, सह पुलिस आयुक्त सुरेश मेकला, अप्पर पुलिस आयुक्त अनिल कुंभारे, पुलिस उपायुक्त भिवंडी योगेश चौहाण, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्व विभाग प्रशांत ढोले , नारपोली पुलिस स्टेशन इंचार्ज मालोजी शिंदे, पुलिस निरीक्षक रविंद्र वाणी के मार्गदर्शन में नारपोली पुलिस जांच दल के पुलिस उपनिरीक्षक पुष्पराज सुर्वे, हवलदार अशोक बोडके, राजेश गावड़े, लक्ष्मण सहारे ,सुनील शिंदे, प्रवीण सोनवणे, पारस बाविस्कर, विजय ताटे ने खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 12 घंटे के अंदर इस चोरी की घटना के मुख्य आरोपी तारा सिंह भैरो सिंह परमार 35, हीरा सिंह भैरव सिंह परमार 23, सोहन सिंह संपा सिंह राजपूत 43 को चोरी की घटना के 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी किया गया 12 टन टंगस्टन कार्बाइड धातु जिसकी कीमत एक करोड़ 35 लाख 1हजार 912 रुपये थी, बरामद कर लिया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक पुष्पराज सुर्वे कर रहे हैं।