झारखंडः दूसरे चरण के मतदान के दौरान दो जगहों पर हिंसा, एक की मौत

झारखंडः दूसरे चरण के मतदान के दौरान दो जगहों पर हिंसा, एक की मौत

झारखंड में दूसरे चरण में 20 विधानसभा सीटों के लिए 63.36 फीसदी वोटिंग हुई। इन सीटों पर मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत 260 उम्मीदवार मैदान में थे। शनिवार को वोटिंग के दौरान हिंसा भी हुई। गुमला में वोटिंग में देरी होने पर लोग हिंसा पर उतर आए और पुलिस पर पथराव करने लगे। पुलिस की फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। पांच पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। दूसरी वारदात सिंहभूम में हुई जहां माओवादियों ने एक बस को जला दिया।

शनिवार को बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर (पूर्वी), जमशेदपुर (वेस्ट), सरायकेला, खरसावां, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, तमाड़, मांडर, तोरपा, खूंटी, सिसई, सिमडेगा और कोलेबिरा सीटों के लिए मतदान हुआ। 18 सीटों पर मतदान दोपहर 3 बजे समाप्त हो गया, दो सीटों पर शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई।

फायरिंग की घटना पर संज्ञान लेते चुनाव आयोग ने पूरे मामले पर मांगी रिपोर्ट

चुनाव आयोग ने गुमला में फायरिंग की घटना पर संज्ञान लेते हुए पूरे मामले पर रिपोर्ट मांगी है। आयोग के पदाधिकारी हिंसा वाले मतदान केंद्र पर भी गए। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों द्वारा पत्रकार पर भी हमला हुआ है। आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने इस मामले में डीसी से रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने डीसी और एसपी को वहां अविलंब जाकर आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया। गुमला के मतदान केंद्र संख्या 36 पर हुई गोलीबारी में घायल मोहम्मद तबरेज को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया। घायल थाना प्रभारी विष्णु देव चौधरी का अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके सिर में चोट आई है।

पीएम मोदी ने मतदाताओं से की ज्यादा से ज्यादा वोट करने का अनुरोध

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर मतदाताओं से अनुरोध किया कि वह ज्यादा से ज्यादा संख्या में आकर मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मदद करें। उन्होंने ट्वीट किया कि झारखंड विधानसभा चुनाव में आज दूसरे दौर का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस उत्सव को सफल बनाएं।

260 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद 

मुख्यमंत्री रघुवर दास, झारखंड विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा समेत कुल 260 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो गया। सीएम रघुवर दास जमशेदपुर पूर्वी सीट से मैदान में थे। उनके सामने उनकी सरकार में ही कैबिनेट मंत्री सरयू राय थे। इस चरण के चुनाव में 231 पुरुष और 29 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इनमें बीजेपी के 20, कांग्रेस के 6, झामुमो के 14 और झारखंड विकास मोर्चा के 20 के अलावा अन्य प्रमुख दलों में शामिल बसपा के 14, माकपा और भाकपा के तीन, राकांपा का एक, तृणमूल कांग्रेस के पांच और 73 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं।

नक्सल प्रभावित 18 सीटों पर भी हुई  वोटिंग

20 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के लिए 6 हजार 66 मतदान केंद्र बनाए गए। झारखंड में कांग्रेस का झारखंड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल के साथ गठबंधन है। राज्य में कांग्रेस ने 81 में से 31 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए। झामुमो के 43 उम्मीदवार और आरजेडी के 7 उम्मीदवार थे। झामुमो नेता और पूर्व सीएम हेमंत सोरेन इस गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं।

Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں

Discover more from ورق تازہ

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading